इंदौर में बालाजी हाइट्स के फ्लैट में आग, दमकल ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में बालाजी हाइट्स के फ्लैट में आग, दमकल ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका


इंदौर, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लसूड़िया क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर की बालाजी हाइट्स सोसायटी में रविवार शाम करीब 5 बजे एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी। सूचना मिलते ही एएसआई शोभाराम मालवीय अपनी टीम के साथ तुरंत रवाना हुए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के दौरान फ्लैट बंद था, क्योंकि उसमें रहने वाला परिवार बाहर गया हुआ था। टीआई राजकुमार यादव के मुताबिक, फ्लैट मालिक कुलदीप डामोर चारधाम यात्रा पर हैं।

हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से फ्लैट के अंदर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन समय पर पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story