इंदौर एयरपोर्ट निदेशक के खिलाफ पीएमओ में पहुंची शिकायत, दिल्ली से आई उच्च स्तरीय जांच टीम

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर एयरपोर्ट निदेशक के खिलाफ पीएमओ में पहुंची शिकायत, दिल्ली से आई उच्च स्तरीय जांच टीम


इंदौर, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में स्थित देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल के निदेशक सुनील मग्गीरवार विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), नागरिक उड्डयन मंत्री, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) मुख्यालय और स्थानीय सांसद को शिकायत भेजी गई है। इन शिकायतों में भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितताओं और अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने जैसे संगीन आरोप लगाए गए हैं।

मप्र उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मनोज रायजादा द्वारा पीएमओ में की गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने विभागीय जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। दूसरी ओर एयरपोर्ट निदेशक की तरफ से जनसंपर्क अधिकारी रामस्वरूप यादव ने इन तमाम आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन करार दिया है। उन्होंने सूचित किया कि जांच दल अपनी कार्यवाही पूर्ण कर दिल्ली वापस लौट चुका है।

दिल्ली से आई उच्च स्तरीय जांच टीम

विवाद की गंभीरता को देखते हुए गत चार मई को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की एक उच्च स्तरीय टीम दिल्ली से इंदौर पहुंची। जीएम सिविल प्रभु सरकार के नेतृत्व में आई इस टीम ने दो दिनों तक एयरपोर्ट के महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए। शिकायत पत्र में एयरपोर्ट निदेशक के व्यवहार को लेकर कई आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि एक बैठक के दौरान सुनील मग्गीरवार ने सूट पहनकर पहुंचे ऑपरेशनल अधिकारियों का अपमान करते हुए कहा कि वे काम करने नहीं, बल्कि लड़कियां ताड़ने के लिए सज-धज कर आते हैं। शिकायत में कहा गया है कि एयरपोर्ट निदेशक का रवैया तानाशाहीपूर्ण है। वे कर्मचारियों को गालियां देने के साथ बार-बार ट्रांसफर की धमकी देते हैं। इससे एयरपोर्ट का वातावरण तनावपूर्ण हो गया है।

एचआरए लेने और टेंडर में गड़बड़ी के आरोप

शिकायत में वित्तीय गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया गया है। आरोप है कि सरकारी गेस्ट हाउस में रहने के बावजूद एयरपोर्ट निदेशक ने मकान किराया भत्ता (एचआरए) लिया, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा सिविल विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर अनावश्यक निर्माण कार्य मंजूर कराने, टेंडरों में पसंदीदा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

सांसद का करीबी समझकर अधिकारी को हटाया

शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक बीमार अधिकारी को केवल इसलिए कार्यमुक्त कर दिया गया, क्योंकि एयरपोर्ट निदेशक को शक था कि वह सांसद शंकर लालवानी का करीबी है और एयरपोर्ट की जानकारी उन तक पहुंचाता है। इसके साथ ही सीआईएसएफ से कथित तौर पर निजी सुरक्षा गार्ड लेने और बदले में नियम विरुद्ध मांगें पूरी कराने के आरोप भी लगाए गए हैं।

सुनील मग्गीरवार लगभग सात माह पूर्व मुंबई एयरपोर्ट से स्थानांतरित होकर इंदौर आए थे। इंदौर में पदभार ग्रहण करने से पहले वे मुंबई एयरपोर्ट की संचार शाखा में जॉइंट जीएम के पद पर कार्यरत थे। उनके पास हवाई अड्डा प्रबंधन का लंबा अनुभव है और वे पूर्व में शिमला एवं जलगांव जैसे महत्वपूर्ण हवाई अड्डों पर डायरेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में दिल्ली से आई टीम की जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story