इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर स्क्रैप गोदाम में भीषण आग, दूर तक फैला काले धुएं का गुबार

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर स्क्रैप गोदाम में भीषण आग, दूर तक फैला काले धुएं का गुबार


इंदौर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर इंदौर-अहमदाबाद हाईवे (धार रोड) पर बेटमा गुरुद्वारे के पास मंगलवार शाम एक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में रबर, प्लास्टिक और अन्य औद्योगिक कबाड़ रखा होने से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटों के साथ उठते काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। गोदाम के आसपास रहवासी बस्ती होने से आग फैलने की आशंका के चलते स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है। लोगों ने हाईवे किनारे स्थित गोदाम से आग की लपटें और धुआं उठते देखा तो तत्काल बेटमा पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए पीथमपुर से भी दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं।

रबर-प्लास्टिक के कबाड़ ने बढ़ाई आग की भयावहता

बेटमा पुलिस के मुताबिक, गोदाम में रबर, प्लास्टिक और अन्य औद्योगिक वेस्ट मटेरियल बड़ी मात्रा में एकत्रित कर रखा जाता है। यहां से कबाड़ को वाहनों के माध्यम से कंपनियों तक पहुंचाया जाता है। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और दमकलकर्मियों को उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग से उठ रहे घने धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में भी लोगों को परेशानी हुई।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं, मालिक से संपर्क की कोशिश

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस गोदाम मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनसे बात नहीं हो सकी थी। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल की टीमें आग को आसपास की रहवासी बस्ती तक फैलने से रोकने और पूरी तरह बुझाने में जुटी हैं। आग से गोदाम में रखे कबाड़ को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story