इंदौरः नकली बायो डीजल बेचने वाले पंप को प्रशासन ने किया सील

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः नकली बायो डीजल बेचने वाले पंप को प्रशासन ने किया सील


- लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये से अधिक कीमत की 6000 लीटर नकली बायोडीजल जब्त

इंदौर, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के देपालपुर मेथवाडा स्थित मे. इंदौर बायो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड बायो डीजल पंप भागीदार सुनीता पत्नी सुभाष केसवाल एवं सुभाष पत्नी रामचंद्र केसवाल निवासी 1525 द्वारकापुरी इंदौर द्वारा अवैध रूप से नकली बायो डीजल की बिक्री करने पर शुक्रवार को खाद्य विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग की टीम ने पंप को मौके पर सील कर दिया है।

जिला प्रशासन द्वारा बताया गया है कि मे. इंदौर बायो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड बायो डीजल पंप पर प्रारंभिक जाँच में नकली बायो डीजल होना पाया गया है। जांच की कार्रवाई शुक्रवार को सहायक आपूर्ति अधिकारी शिव सुंदर व्यास देपालपुर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अजय अस्थाना द्वारा की गई।

बताया गया कि मे. इंदौर बायो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड बायो डीजल पंप की शिकायत प्राप्त होने पर खाद्य विभाग की टीम द्वारा जांच की गई। प्रारंभिक जांच में नकली बायो डीजल पाए जाने पर पंप को सील किया गया है। इसके साथ ही पंप संचालक द्वारा राज्य सरकार के अधिकृत लाईसेंस प्राप्त छह कंपनी के सप्लायर से सप्लाई नहीं लेकर अनाधिकृत फर्म से सप्लाई लेना पाया गया।

बताया गया कि पंप संचालक BS100 मानक का ही बायो डीजल विक्रय कर सकते हैं, बायोडीजल के मानक की डेंसिटी 900 से ऊपर होती है परंतु मौके पर डेंसिटी 860 पाई गई। मौके से कुल 6000 लीटर नकली बायो डीजल जप्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये से अधिक है। नकली बायोडीजल के सैम्पल लेकर पंप में बिक्री बंद करवाते हुए पंप, डिस्पेंसरी यूनिट और भूमिगत टैंक को सील कर दिया गया है। बताया गया कि सैम्पल अधिकृत लेबोरेटरी में टेस्टिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। नमूना रिपोर्ट आने के बाद में आगामी वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

यूनीवर्सल हॉस्पीटल एण्ड केयर सेन्टर की सभी अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों को किया गया सील

इधर, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार शहर के यूनीवर्सल हॉस्पीटल एण्ड केयर की की सभी अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों को सील कर दिया गया है।

बताया गया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी द्वारा विगत दिनों यूनीवर्सल हॉस्पीटल एण्ड केयर सेन्टर का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई अनियमिततायें पायी गयी। जिसके पश्चात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा टीम बनाकर हॉस्पीटल का निरीक्षण करवाया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल में डॉ. अर्पित जैन एवं डॉ. सचिन भटेले अपंजीकृत चिकित्सक ईको सम्बन्धी कार्य कर रहे थे। उपरोक्त के संबंध में डॉ. माधव प्रसाद हासानी द्वारा कलेक्टर शिवम वर्मा को अवगत कराया गया।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिवम वर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार को डॉ. कल्पना भटनागर स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं दीपमाला बमने पीसीपीएनडीटी दल को मौके पर भेजकर यूनीवर्सल हॉस्पीटल एण्ड केयर सेन्टर में स्थित समस्त सोनोग्राफी मशीन तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुये सीलबन्द की गयी एवं पीसीपीएनडीटी प्रमाण पत्र नवीनीकरण पर रोक लगायी गयी एवं टीम द्वारा पंचनामा बनाकर कार्यवाही की गयी। कलेक्टर द्वारा अपंजीकृत चिकित्सक (डॉ. अर्पित जैन एवं डॉ. सचिन भटेले) को नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story