इंदौरः सघन जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर 8 बसों से वसूला 2.26 लाख जुर्माना, 2 के फिटनेस निरस्त

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः सघन जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर 8 बसों से वसूला 2.26 लाख जुर्माना, 2 के फिटनेस निरस्त


इंदौर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आरटीओ और जिला प्रशासन की टीम द्वारा मंगलवार को बसों की सघन जांच की गई। बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम ,आपातकाल में सुगम निकास व्यवस्था आदि की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान आठ बसों से 2 लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया और दो बसों के फिटनेस निरस्त किये गये।

इंदौर में मंगलवार को स्टार चौराहे पर आरटीओ और जिला प्रशासन की टीम द्वारा अनफिट और बिना परमिट की बसों पर संयुक्त कार्रवाई की गई। लोक परिवहन वाहनों खासकर आल इंडिया टूरिस्ट बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकाल में सुगम निकास व्यवस्था की जांच की गई। बसों में विभिन्न कमियां पाए जाने, ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट लेकर स्टेज कैरिज के रूप में बसों का संचालन करने एवं परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर 08 बसों पर कार्यवाही करते हुए 2 लाख 26 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। जिन बसों में इमरजेंसी एग्जिट बंद पाया गया, फायर एक्सटिंग्विशर खराब स्थिति में पाए गए, ऐसी बसों के फिटनेस निरस्त किए गए और दस्तावेज पूरे नहीं होने पर जुर्माना लगाया गया।

इस संयुक्त कार्यवाही में आरटीओ प्रदीप शर्मा, जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम घनश्याम धनगर, एआरटीओ राजेश गुप्ता एवं उड़नदस्ता टीम प्रभारी आकाश सिठोले उपस्थित रहे। बसों के चालक परिचालक को समझाइस भी दी गई कि वह बसों में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ का परिवहन न करें। जिस प्रकार फ्लाइट में यात्रियों को आपातकाल स्थिति में क्या करें, क्या न करें की जानकारी दी जाती है उसी प्रकार बसों में भी सवारियों को जानकारी दी जाए। इमरजेंसी एग्जिट, कांच तोड़ने हेतू रखे गये हैमर और इसके उपयोग आदि की जानकारी दी जाये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story