सिवनीः इंदिरा ज्योति सम्यक अभियान यात्रा का सिवनी आगमन

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः इंदिरा ज्योति सम्यक अभियान यात्रा का सिवनी आगमन


सिवनी, 14 जनवरी(हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के विरुद्ध किए जा रहे कथित दुष्प्रचार के विरोध में चल रही इंदिरा ज्योति सम्यक अभियान यात्रा का जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, इंदिरा भवन सिवनी में आगमन हुआ। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी के नेतृत्व में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कांग्रेस के महान नेताओं के योगदान को कमतर आंकने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी संगठित होकर विरोध करेगी। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

इंदिरा ज्योति सम्यक अभियान के संरक्षक एवं प्रणेता वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भास्कर राव रोकड़े ने कहा कि यह अभियान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के विचारों, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को देश की युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति केवल लोकलुभावन वादों तक सीमित होती जा रही है, जो युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।

केवलारी विधायक ठा. रजनीश हरवंशसिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा और आरएसएस की विभाजनकारी राजनीति को कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी के विरुद्ध फैलाए जा रहे भ्रम और नफरत का कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।

सभा को पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोडिया, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना, देवेंद्र ठाकुर एवं श्रीमती कविता कहार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजा बघेल एवं लखनादौन विधायक योगेंद्र बाबा की उपस्थिति रही। मंच संचालन शिव सनोडिया ने किया एवं आभार मोहन सिंह चंदेल ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम के पश्चात इंदिरा ज्योति सम्यक अभियान यात्रा जिला कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर बाहुबली चौक, सिंधिया पुतला, गांधी भवन चौक होते हुए रानी दुर्गावती एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुई। इसके बाद पत्रकार वार्ता आयोजित कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story