इंडिया–यूएस ट्रेड डील के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकदल ने विधानसभा में किया सांकेतिक प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
इंडिया–यूएस ट्रेड डील के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकदल ने विधानसभा में किया सांकेतिक प्रदर्शन


भोपाल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के सत्र के छठे दिन साेमवार काे इंडिया–यूएस ट्रेड डील से किसानों को होने वाले नुकसान एवं केंद्र और राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकदल ने विधानसभा परिसर में जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया।

विधानसभा में कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मुखौटे पहनकर किसानों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस विधायकदल ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह प्रदर्शन मात्र एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश के अन्नदाताओं के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए उठाई गई सशक्त आवाज है। उन्होंने कहा कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील हमारे किसानों के लिए एक बड़ा खतरा बनकर सामने आ रही है। यदि सस्ता विदेशी सोयाबीन, मक्का और कपास भारतीय बाजार में प्रवेश करता है, तो इसका सीधा और गंभीर प्रभाव हमारे मेहनतकश किसानों, कृषि मंडियों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां लगातार किसान विरोधी रही हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी और अन्नदाताओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उमंग सिंघार ने मांग की है कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते से पहले देश के किसानों के हितों की व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वाले प्रावधानों पर पुनर्विचार किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story