अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन एवं पुलिस की टीम पर पत्थर से हमला

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन एवं पुलिस की टीम पर पत्थर से हमला


सतना, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में हाईकोर्ट जबलपुर के आदेश पर स्थानीय डालीबाबा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई राजस्व अधिकारियों एवं पुलिस बल पर अतिक्रमणकारियों द्वारा पथराव किया गया। जिसमें एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलाड़िया, तहसीलदार रघुराजनगर सौरभ मिश्रा सहित आधा दर्जन कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में तीन महिला पुलिसकर्मी सुषमा पाण्डेय, रेखा पवार व आरती चतुर्वेदी भी शामिल हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। रघुराजनगर तहसीलदार सौरभ मिश्रा से मिली जानकारी के मुताबिक डालीबाबा क्षेत्र निवासी अनीता अरोरा की जमीन से बेदखली का आदेश सन 2023 में तहसीलदार कोर्ट से हुआ था। इसके बाद एसडीएम कोर्ट एवं हाईकोर्ट जबलपुर भी अतिक्रमणकर्ता अपील में गये। लेकिन हाईकोर्ट द्वारा लोअर कोर्ट का फैसला बरकरार रखते हुये अनीता अरोरा को उस आराजी से बेदखली का आदेश पारित कर दिया गया, जिस पर उनका मकान बना हुआ था।

तहसीलदार ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने शनिवार की सुबह करीबन 11 बजे एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलाड़िया की अगुवाई में राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम पुलिस बल व बुल्डोजर के साथ मौके पर पहुंची।

राजस्व विभाग की टीम द्वारा पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रारंभकी गयी। इस दौरान अतिक्रमणकर्ता व उसके परिजनों और साथियों द्वारा विरोध जताया गया। बताया गया है कि अतिक्रमण करके बनाया गया मकान ढहाने के बाद जब राजस्व विभाग की टीम द्वारा मलवा हटवाया जा रहा था, इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव कर दिया गया। जिसके कारण 5-6 लोग घायल हो गये।

तहसीलदार मिश्रा ने बताया कि हाईकोर्ट जबलपुर से भी बेदखली का आदेश दिये जाने पर अतिक्रमणकर्ता को एक हफ्ते पूर्व नोटिस जारी की गयी थी, लेकिन इनके द्वारा नोटिस पर कोई तबज्जो नहीं दिया गया। इस जमीन पर अतिक्रमणकर्ता द्वारा कबाड़ का स्टॉक रखने के साथ डेयरी का व्यवसाय किया जा रहा था।

कार्यवाही के दौरान सीएसपी देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, तीनों थाने के टीआई सिटी कोतवाली के रावेन्द्र द्विवेदी, कोलगवां थाना के सुदीप सोनी व सिविल लाइन थाना के योगेन्द्र सिंह परिहार, महिला पुलिस बल एवं थाने की पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था।

हासिल जानकारी के मुताबिक प्रशासन की और से सिटी कोतवाली में हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने गये राजस्व अधिकारियों व पुलिस बल पर पथराव किये जाने एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत की गयी है।

पुलिस द्वारा इस मामले तक आसपास के वाशिन्दों से पूछताछ की जा रही थी। साथ ही पुलिस लोगों के बयान दर्ज कर रही थी। तहसीलदार द्वारा संपूर्ण कार्यवाही का पंचनामा एसडीएम के निर्देश पर तैयार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story