शहडाेल: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
शहडाेल: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ


शहडाेल: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ


शहडाेल: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ


शहडाेल: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ


शहडाेल: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ


शहडोल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी सोमवार को आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर तथा आदि पूजा के साथ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन कर उनके योगदान और बलिदान का स्मरण किया। शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। राष्ट्रभक्ति और जनजातीय गौरव के भाव से ओतप्रोत इस अवसर पर पूरा कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी को दी विकास कार्यों की विभिन्न सौगातें

जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण, शिक्षा, पर्यटन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी से विजय सोता-बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं मऊ से चरखारी मार्ग तक भी सड़क निर्माण की सौगात दी गई।

मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी में सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। पर्यटन एवं वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संजय टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से प्रवेश द्वार विकसित करने की भी घोषणा की गई। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसके अलावा जिले में हाथियों के कारण फसलों एवं मकानों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए प्रभावी उपाय किए जाएंगे। इसके लिए ट्रेंच खोदने तथा अन्य सुरक्षात्मक उपायों एवं आवश्यक जानकारियों के संबंध में प्रशिक्षण देने हेतु भोपाल से विशेषज्ञों का दल भेजे जाने की बात कही है।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद सीधी लोकसभा क्षेत्र डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक शरद कोल, विधायक जयसिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष शहडोल प्रभा मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रीवा नीता कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष सतना रामखेलावन कोल, अमिता छपरा, पूर्व विधायक प्रमिला सिंह, पुलिस महानिरीक्षक एन. चैत्रा, पुलिस उप महानिरीक्षक विवेक सिंह, कलेक्टर शहडोल पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर संरोधन सिंह, मिनीषा पाण्डेय सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, आमजन, तथा जनजातीय कलाकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

शहडोल जिले को दी 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात

जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले को कुल 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत 8.64 करोड़ रुपये की लागत के 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपये की लागत के 72 कार्यों का भूमिपूजन किया।

8.64 करोड़ रुपये के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में 8.64 करोड़ रुपये की लागत के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 7.70 करोड़ रुपये की लागत के 8 कार्य तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 0.94 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से जिले में संबंधित क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

349.07 करोड़ रुपये के 72 कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने जिले में 349.07 करोड़ रुपये की लागत के 72 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें ऊर्जा विभाग के 291.51 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्य, जनजातीय कार्य विभाग के 35.66 करोड़ रुपये की लागत के 61 कार्य, मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का 13.09 करोड़ रुपये की लागत का 1 कार्य, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के 7.40 करोड़ रुपये की लागत के 5 कार्य, वन विभाग के 0.80 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्य तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का 0.61 करोड़ रुपये की लागत का 1 कार्य शामिल है।

प्रदर्शनी में दिखी जनजातीय संस्कृति, परंपरा और वीरता की गौरवशाली झलक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, जीवनशैली और वीरता की गाथाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में कोल, बैगा, गोंड एवं भील जनजातियों की संस्कृति और परंपराओं के साथ भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए योगदान को दर्शाया गया। इसके साथ ही जनजातीय समाज द्वारा परंपरागत रूप से उपयोग किए जाने वाले कृषि यंत्रों, घरेलू बर्तनों, वाद्य यंत्रों तथा दैनिक जीवन में काम आने वाली विभिन्न वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। इन वस्तुओं के माध्यम से जनजातीय समाज की पारंपरिक जीवनशैली, कला-कौशल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जनजातीय समाज की परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को सहेजने एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story