उज्जैन में सोमवार को सप्त सरोवरों और पवित्र नदियों के जल से होगा जगन्नाथ-बलदेव-सुभद्रा का अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन में सोमवार को सप्त सरोवरों और पवित्र नदियों के जल से होगा जगन्नाथ-बलदेव-सुभद्रा का अभिषेक


उज्जैन, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित इस्कॉन मंदिर में सोमवार को भगवान जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी का स्नान पूर्णिमा महोत्सव भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

इस वर्ष यह आयोजन मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे जल-गंगा संवद्र्धन अभियान के समापन उत्सव के रूप में भी आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस्कॉन पदाधिकारियों ने रविवार को हेलीपैड पर डॉ.यादव को स्नान यात्रा और रथ यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

इस्कान के पीआरओ डॉ.राघव दास पण्डित ने रविवार को बताया कि कार्यक्रम मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग, श्री कृष्ण पाथेय न्यास, वीर भारत न्यास, महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ और इस्कॉन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। जल गंगा संवद्र्धन अभियान के तहत प्रदेशभर में जल संरचनाओं का पुनरुद्धार किया गया है। इसी कड़ी में भगवान जगन्नाथ का महाअभिषेक पवित्र नदियों और सरोवरों के जल से किया जाएगा। इसके लिए सप्त सरोवर, कोटितीर्थ, क्षिप्रा, गंगा, नर्मदा और गोमती कुंड सहित विभिन्न स्थानों से जल एकत्रित किया गया है।

श्रद्धालु अपने हाथों से कर सकेंगे अभिषेकमहोत्सव की शुरुआत सोमवार प्रात: 7.30 बजे पांडु विजय कीर्तन से होगी। मंगलारती के पश्चात भगवान को स्नान वेदी पर विराजमान कर अभिषेक शुरू किया जाएगा। प्रात: 9 से 11 बजे तक आम श्रद्धालु अपने हाथों से भगवान का अभिषेक कर सकेंगे। अभिषेक के लिए पुरुषों को धोती-कुर्ता और महिलाओं को साड़ी पहनना अनिवार्य रहेगा। महाअभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के दुर्लभ गजवेश के दर्शन प्राप्त होंगे। कार्यक्रम के दौरान हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद का वितरित होगा।

शाम को मनेगी संन्यास वर्षगांठस्नान यात्रा के दिन ही सायं 6 बजे इस्कॉन,उज्जैन के संस्थापक श्री भक्ति चारू स्वामी महाराज की 49वीं संन्यास वर्षगांठ मनाई जाएगी। इस दौरान भक्तगण उनके आध्यात्मिक जीवन और समाज के प्रति योगदान का स्मरण करेंगे। इस्कॉन भारत के उपाध्यक्ष महामन महाराज, इस्कॉन उज्जैन के अध्यक्ष भक्ति प्रेम स्वामी सहित साधु-संत उपस्थित रहेंगे।

16 जुलाई को निकलेगी रथ यात्रास्नान यात्रा के बाद भगवान जगन्नाथ 15 दिनों के विश्राम काल में रहेंगे। इसके बाद 16 जुलाई को उज्जैन में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस्कॉन ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से आग्रह किया कि रथ यात्रा के दिन उज्जैन में सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि उज्जैन और पुरी के प्राचीन संबंधों की पुनस्र्थापना हो सके। बच्चों में रथ यात्रा के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए छोटे रथों का भी निर्माण किया गया है, जिन्हें इस अवसर पर देखा जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story