अनूपपुर: चक्रवात का असर, जिले में 24 घंटे में 1 इंच बारिश, खेतों की नमी से फसल को फायदा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: चक्रवात का असर, जिले में 24 घंटे में 1 इंच बारिश, खेतों की नमी से फसल को फायदा


अनूपपुर: चक्रवात का असर, जिले में 24 घंटे में 1 इंच बारिश, खेतों की नमी से फसल को फायदा


अनूपपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब के क्षेत्र और ओडिशा तट से टकराए चक्रवात का असर दिख रहा है। जिले में शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिला मुख्यालय के अलावा कोतमा, बिजुरी, जैतहरी, पुष्पराजगढ़, अमरकंटक, वेंकटनगर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 24.2 मिमी यानी करीब 1 इंच बारिश दर्ज की गई। कृषि विभाग के अनुसार इससे खेतों की नमी से फसल को फायदा होगा।

बेनीबारी में सबसे ज्यादा 44.4 मिमी बारिश

भू-अभिलेख अधीक्षक प्रदीप मोगरे के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले के वर्षामापी केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। बेनीबारी में 44.4 मिमी, पुष्पराजगढ़ में 40.2 मिमी, वेंकटनगर में 35.8 मिमी, अमरकंटक में 23.0 मिमी, बिजुरी में 16.6 मिमी, अनूपपुर में 12.2 मिमी, जैतहरी में 11.4 मिमी और कोतमा में 10.0 मिमी बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई। निचले इलाकों में पानी जमा होने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।

अब तक कुल 1086.2 मिमी बारिश

जिले में 1 जून से अब तक 1086.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल अब तक 1014.4 मिमी बारिश हुई थी। यानी इस साल अब तक 71.8 मिमी अधिक बारिश दर्ज हुई है। जिले का इस अवधि तक मानक औसत 1134.0 मिमी है। इसके मुकाबले इस सीजन 47.8 मिमी कम बारिश हुई है।

कृषि विभाग ने फसल को लेकर दी जानकारी

लगातार नमी और पानी जमा होने की स्थिति को लेकर कुछ क्षेत्रों में किसान धान की फसल को लेकर चिंतित हैं। धान की पत्तियां पीली पड़ने और कीट लगने की आशंका भी जताई जा रही है।

कृषि विभाग के उपसंचालक डॉ. अनुराग पटेल ने कहा कि अभी हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। उनके अनुसार यह मूसलाधार बारिश नहीं है। उन्होंने बताया कि धान की फसल अभी पकने की स्थिति में नहीं है, इसलिए खेतों में ज्यादा पानी ठहरने की संभावना नहीं है। डॉ. पटेल के अनुसार, 1-2 दिन में मौसम खुलने पर खेतों की नमी फसल की बढ़वार में मदद करेगी, इससे नुकसान की संभावना नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story