भोपाल के अवधपुरी में दो अवैध फिनाइल फैक्ट्री सील, चार साल से चल रहा था कारोबार, भारी मात्रा में केमिकल मिला

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के अवधपुरी में दो अवैध फिनाइल फैक्ट्री सील, चार साल से चल रहा था कारोबार, भारी मात्रा में केमिकल मिला


भोपाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के अवधपुरी क्षेत्र में मंगलवार काे नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित दो फिनाइल फैक्ट्री सील कर दीं। नगर निगम के अनुसार, ये फैक्ट्री करीब चार साल से संचालित हो रही थीं। कार्रवाई के दौरान परिसर में बड़ी मात्रा में केमिकल, ड्रम और फिनाइल से भरी छोटी-बड़ी बोतलें मिलीं।

नगर निगम की टीम के मुताबिक, दोनों फैक्ट्री न्यू भारत ट्रेडर्स के नाम से संचालित की जा रही थीं। संचालक को पहले नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज और भवन निर्माण एवं उपयोग से संबंधित अनुमति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब और आवश्यक अनुमति उपलब्ध नहीं कराई गई। नगर निगम की टीम जब मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में केमिकल रखा मिला। ड्रमों और छोटी-बड़ी बोतलों में फिनाइल भरा हुआ था। निगम अधिकारियों के अनुसार, इतनी मात्रा में केमिकल के भंडारण से आग लगने की आशंका को देखते हुए भी कार्रवाई जरूरी थी।

नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा ने पहले संचालक को नोटिस जारी कर फैक्ट्री से संबंधित दस्तावेज और भवन उपयोग की अनुमति प्रस्तुत करने को कहा था। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने और गतिविधियां बंद नहीं करने पर निगम ने दोनों इकाइयों को सील कर दिया। नगर निगम के अनुसार, यह कार्रवाई नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 303(1) और प्रचलित भवन निर्माण संबंधी नियमों के तहत की गई है। कार्रवाई के दौरान दोनों फैक्ट्री में संचालित गतिविधियों को बंद कराकर परिसर सील किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story