कलियासोत डेम क्षेत्र में छह अवैध डेयरियां ध्वस्त, भदभदा से हटाई गईं तीन झुग्गियां

WhatsApp Channel Join Now
कलियासोत डेम क्षेत्र में छह अवैध डेयरियां ध्वस्त, भदभदा से हटाई गईं तीन झुग्गियां


भोपाल, 10 जून (हि.स.)। भोपाल नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमणों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण, चबूतरे, ठेले-गुमठियां और आवागमन में बाधक अतिक्रमणों को हटाया। साथ ही जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई में कलियासोत डेम क्षेत्र में संचालित छह अवैध डेयरियों को ध्वस्त किया गया तथा भदभदा क्षेत्र से तीन झुग्गियों को हटाया गया।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर बुधवार को अतिक्रमण निरोधक दल ने कटारा हिल्स, एमपी नगर, माता मंदिर, जवाहर चौक, कस्तूरबा नगर, रायसेन रोड, अयोध्या बायपास, अशोका गार्डन, नवीन नगर, हमीदिया रोड, भोपाल टॉकीज, भारत टॉकीज सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।

अभियान के दौरान शैतान सिंह चौराहा क्षेत्र में एक तथा अशोका गार्डन में चार अवैध चबूतरों को तोड़ा गया। कस्तूरबा नगर में एक अवैध निर्माण को रुकवाया गया, जबकि रायसेन रोड स्थित गुप्ता कॉलोनी में सर्विस रोड पर रखा मलबा हटवाया गया। अयोध्या बायपास क्षेत्र में सड़क पर रखा सामान हटाया गया तथा नवीन नगर में नालियों के ऊपर रखी गई फर्शियों को हटाकर मार्ग और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू किया गया।

निगम अमले ने भारत टॉकीज क्षेत्र से यातायात में बाधा बन रहे तीन चारपहिया वाहनों को भी हटवाया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों से ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, टेबल, स्टूल और अन्य अतिक्रमण हटाकर नौ ठेले, तीन कैरेट और एक फाइबर कुर्सी जब्त की गई।

निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story