(अपडेट) वन्यजीव संरक्षण में जुटे हर वनकर्मी के प्रति मेरे मन में विशेष सम्मानः अनिल कुंबले
-बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे भारतीय क्रिकेट के दिग्गज अनिल कुंबले ने वन अधिकारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों से किया आत्मीय संवाद, साझा किए सफलता के मंत्र
शहडोल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी एवं पद्मश्री से सम्मानित अनिल कुंबले ने कहा कि केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटा प्रत्येक वनकर्मी भी उनके दिल के करीब है। वन्यजीवों के प्रति अपने विशेष लगाव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वनकर्मियों का समर्पण, कठिन परिस्थितियों में उनकी जिम्मेदारी और वन्यजीव संरक्षण के लिए किया जाने वाला निरंतर प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भ्रमण पर पहुंचे अनिल कुंबले ने रविवार को ताला स्थित इको सेंटर में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु वनरक्षकों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपने क्रिकेट जीवन के अनुभव साझा करते हुए सफलता के मंत्र बताए और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत वन अमले का उत्साहवर्धन किया।
अनिल कुंबले कर्नाटक राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं तथा वर्तमान में कर्नाटक राज्य के वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय, उप संचालक, एसडीओ, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी, वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशिक्षु वनरक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में परिक्षेत्र अधिकारी खितौली स्वस्ति जैन ने कुंबले की क्रिकेट जगत की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंबले ने टेस्ट क्रिकेट में 619 विकेट लेकर भारतीय गेंदबाजों में सर्वाधिक विकेट लेने का कीर्तिमान स्थापित किया है। फरवरी 1999 में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में पाकिस्तान के विरुद्ध एक ही पारी में सभी 10 विकेट लेने की ऐतिहासिक उपलब्धि भी उनके नाम दर्ज है। वहीं वर्ष 2002 में एंटीगुआ टेस्ट के दौरान जबड़ा टूटने के बावजूद पट्टी बांधकर गेंदबाजी करना उनके अदम्य साहस और खेल के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
इस अवसर पर क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति कुंबले के लगाव और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार टेस्ट क्रिकेट में सफलता वर्षों के निरंतर अभ्यास, धैर्य और परिश्रम से प्राप्त होती है, उसी प्रकार बाघों और वन्यजीवों का संरक्षण भी लगातार मेहनत एवं समर्पण की मांग करता है। उन्होंने कहा कि कुंबले जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों का वन्यजीव संरक्षण के पक्ष में आगे आना इस संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के साथ वन अमले का मनोबल भी बढ़ाता है।
संवाद में साझा किए सफलता और समर्पण के मंत्र
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अनिल कुंबले का खुला संवाद सत्र रहा। इसमें अधिकारियों, मैदानी वन अमले और प्रशिक्षु वनरक्षकों ने उनके क्रिकेट जीवन तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अनुभवों को लेकर अनेक प्रश्न पूछे। श्री कुंबले ने सभी प्रश्नों के उत्तर सहजता और आत्मीयता के साथ दिए।
उन्होंने अपने क्रिकेट जीवन की सफलता का श्रेय निरंतरता, कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में स्थायी सफलता एक दिन में हासिल नहीं होती। इसके लिए प्रतिदिन अपने काम के प्रति ईमानदार रहना, अनुशासन बनाए रखना और कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानना आवश्यक है।
कुंबले ने कहा कि सफलता के ये सिद्धांत वन विभाग के कार्यों में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। जंगलों में दिन-रात गश्त करना, विषम परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाना और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार सजग रहना वनकर्मियों के समर्पण और धैर्य की मांग करता है। उन्होंने विशेष रूप से प्रशिक्षु वनरक्षकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन, ईमानदारी और धैर्य के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में मध्यप्रदेश वन विभाग की ओर से अनिल कुंबले को बाघ का छायाचित्र स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया गया। वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनके लगाव और वन अमले के साथ आत्मीय संवाद का यह अवसर अधिकारियों एवं प्रशिक्षु वनरक्षकों के लिए प्रेरणादायी रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

