हम हर समय नमस्ते करने को तैयार, पद के लिए नहीं जीते : प्रहलाद पटेल

WhatsApp Channel Join Now
हम हर समय नमस्ते करने को तैयार, पद के लिए नहीं जीते : प्रहलाद पटेल


उमरिया, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी में कोई व्यक्ति केवल पद के लिए राजनीति नहीं करता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें किसी पद का मोह नहीं है और यदि आवश्यकता पड़ी तो वह कभी भी जिम्मेदारी छोड़ने के लिए तैयार हैं।

सोमवार को अल्प प्रवास पर उमरिया पहुंचे मंत्री प्रहलाद पटेल ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पंचायतों में पांचवें वित्त आयोग की राशि के उपयोग पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग श्मशान घाट, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं जैसे प्राथमिक कार्यों पर होना चाहिए। केवल सोलर लाइट लगाने में राशि खर्च करना उचित नहीं माना जा सकता।

अपने दौरे के दौरान मंत्री ने ग्राम कटरिया स्थित मछडार नदी तथा ग्राम मरदरी में उमरार नदी के उद्गम स्थलों पर पूजा-अर्चना की और वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छोटी नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। नदियों को बारहमासी बनाने के लिए कंक्रीट निर्माण की अपेक्षा स्थानीय प्रजातियों के अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए। उनका कहना था कि स्वच्छ जल, पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए नदियों का सुरक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है।

मंत्री ने कहा कि यदि नदी घाटों और किनारों पर कहीं अतिक्रमण हुआ है तो उसे हटाने के लिए सरकार आवश्यक कार्रवाई करेगी। विशेष रूप से उमरिया की जीवनरेखा मानी जाने वाली उमरार नदी को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

दतिया विधानसभा उपचुनाव और भविष्य में नेताओं के टिकट को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि उन्हें किसी पद की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा, हम तो चाहते हैं कि हम मुक्त हो जाएं। भारतीय जनता पार्टी में कोई व्यक्ति केवल पद के लिए नहीं जीता। यह सवाल कांग्रेस के लोगों से पूछिए। हम तो हर समय नमस्ते करने को तैयार रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story