राजगढ़ःपति सहित चार आरोपितों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःपति सहित चार आरोपितों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज


राजगढ़, 16 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। ग्राम मोई में रह रही 23 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार को पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बडलावदा थाना खुजनेर निवासी पूजा यादव ने बताया कि उसका विवाह करीब दो वर्ष पूर्व सामाजिक रीति-रिवाज से संजय यादव के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पीड़ित ने बताया कि लगातार हो रही प्रताड़ना के चलते वह पिछले आठ महीनों से अपने मायके ग्राम मोई में रहने को मजबूर है। 8 अप्रैल को ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके पहुंचे और दहेज की मांग पूरी करने पर ही उसे वापस ले जाने की बात कही। विरोध करने पर उसके पिता के साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज की गई।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पति संजय यादव, ससुर गोकुल यादव, सास सुगनबाई और जेठ दयाल यादव निवासी बडलावदा थाना खुजनेर के खिलाफ धारा 85 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story