एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सशक्त माध्यम : कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सशक्त माध्यम : कलेक्टर


मंदसौर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेेश के मंदसौर में कलेक्टर अदिती गर्ग ने सोमवार को साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह टेस्टेड एवं वेरीफाइड तथा सुरक्षित वैक्सीन है और स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। यह वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और बालिकाओं के स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी है।

कलेक्टर ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 वर्ष की बालिकाएं अपने माता-पिता के साथ नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह वैक्सीन संक्रमण से होने वाले कैंसर से सुरक्षा प्रदान करती है और समय पर टीकाकरण से गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। जिले में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ऐसी बालिकाएं पात्र हैं जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है तथा अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं।

जिले में 6 मार्च से चलेगा विशेष वाहन चेकिंग अभियान

बैठक के दौरान कलेक्टर ने परिवहन विभाग को जिले में संचालित अनफिट एवं बिना बीमा वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि 6 मार्च से जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत वाहनों की फिटनेस, बीमा, पंजीयन, परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत सरसों पंजीयन एवं खरीदी कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कार्य सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने राजस्व वसूली के लंबित प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त नगरीय निकायों को स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story