इंदौर में होटल कर्मचारी ने की आत्महत्या, स्टाफ रूम में फंदे में लटका मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में होटल कर्मचारी ने की आत्महत्या, स्टाफ रूम में फंदे में लटका मिला शव


इंदौर में होटल कर्मचारी ने की आत्महत्या, स्टाफ रूम में फंदे में लटका मिला शव


इंदौर, 07 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में काम करने वाले एक युवक ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब रात के वक्त कुछ ग्राहक होटल पहुंचे और रिसेप्शन पर किसी कर्मचारी के न मिलने पर स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना खालसा चौक स्थित 'होटल ड्रीम पैलेस' की है। मृतक की पहचान सोनू बंजारा (पुत्र सरदार बंजारा) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिवनी जिले का रहने वाला था और यहां होटल में काम करता था। होटल के अन्य कर्मचारियों ने बताया कि देर रात करीब 2:30 बजे कुछ ग्राहक होटल में कमरा लेने के लिए पहुंचे थे। ग्राहक काफी देर तक रिसेप्शन पर आवाज लगाते रहे, लेकिन वहां तैनात सोनू बाहर नहीं आया। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल का दूसरा कर्मचारी सोनू को ढूंढते हुए पीछे बने स्टाफ रूम की तरफ गया। वहां का नजारा देखते ही उसके होश उड़ गए, अंदर सोनू का शव फंदे पर लटका हुआ था। उसने तुरंत इसकी जानकारी होटल प्रबंधन और पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलने पर लसूडिया पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने जब शुरुआती तफ्तीश के तहत होटल के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो उसमें सोनू अपने कमरे की तरफ जाने से ठीक पहले मोबाइल पर किसी से बात करते हुए दिखाई दे रहा है। वह फोन पर बात करते हुए कमरे के अंदर गया और फिर बाहर नहीं निकला। पुलिस ने सोनू का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब उसकी कॉल डिटेल्स और आखिरी चैट्स की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से ठीक पहले वह किससे बात कर रहा था और उनके बीच क्या बातचीत हुई थी।

होटल प्रबंधन के मुताबिक, सोनू करीब एक महीने पहले ही काम की तलाश में इंदौर आया था और होटल ड्रीम पैलेस में नौकरी शुरू की थी। जॉइनिंग के समय पहचान पत्र के तौर पर उसका आधार कार्ड जमा कराया गया था। हालांकि, वह इससे पहले कहां रहता था या क्या काम करता था, इसके बारे में होटल के अन्य स्टाफ को ज्यादा जानकारी नहीं थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story