आगरमालवाः गैस गीजर फटने से अस्पताल हुआ क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः गैस गीजर फटने से अस्पताल हुआ क्षतिग्रस्त


आगरमालवा, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के कानड़ कस्बे में रविवार दोपहर स्थानीय माता मंदिर के समीप पुराने बस स्टेण्ड के पास स्थित एक निजी अस्पताल की उपरी मंजिल पर अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में किसी को चोट नहीं आई। धमाके के कारण अस्पताल भवन का एक मंजिला हिस्सा भरभराकर गिर गया तथा भवन की कांच की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। मलबा नीचे गली और क्लीनिक परिसर में फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित किया।

थाना प्रभारी राजेश दांगी ने बताया कि प्राथमिक जांच में गैस गीजर के फटने की पुष्टि हुई है। विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। राहत एवं बचाव कार्य भी तत्काल शुरू किया गया. गनीमत रही की इस हादसे मे कोई जनहानि नहीं हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story