उज्जैन जिले में फाल्गुन पूर्णिमा पर 600 से अधिक स्थानों पर होगा होलिका दहन, पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
उज्जैन , 01 मार्च (हि.स.)। फाल्गुन पूर्णिमा की रात मप्र के उज्जैन में सोमवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर होलिका दहन किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार शहर में 350 से अधिक स्थानों पर तथा जिले के ग्रामीण अंचलों में 260 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
इस संबंध में नवनीत भसीन ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा सभी आयोजकों और मोहल्ला समितियों के साथ पहले ही बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आयोजकों से कहा गया है कि वे निर्धारित मुहूर्त समय पर ही होलिका दहन करें और समय में मनमाने बदलाव से बचें।
डीआईजी के अनुसार उज्जैन, शाजापुर, देवास और आगर मालवा जिलों में पुलिस थानों द्वारा मोहल्ला स्तर पर बैठकें आयोजित कर ली गई हैं। इन बैठकों में आयोजन समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित समय पर ही होलिका दहन करें और आयोजन के पहले तथा बाद में भी सतर्कता बनाए रखें।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या शरारत दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि आयोजन स्थल पर किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है तो संबंधित आयोजन समिति के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदार माना जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे रेंज में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय थानों के बल के अलावा अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। शहरों और कस्बों के प्रवेश मार्गों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
डीआईजी नवनीत भसीन ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर जांच के लिए पिकेटिंग की व्यवस्था की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पहले से कार्रवाई की गई है। कई ऐसे लोगों को शहर से बाहर भेज दिया गया है, जबकि शेष को बॉण्ड ओवर किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि किसी ने त्योहार के दौरान शांति भंग करने या किसी प्रकार की शरारत करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस बल लगातार 48 घंटे तक अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहेगा और अधिकारियों के नेतृत्व में आम नागरिकों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपनी मर्यादाओं का पालन करते हुए आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ होली का पर्व मनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

