दतिया : बुधवार को खेली जाएगी रंगों की होली, चंद्रग्रहण के कारण बदला होली का समय
दतिया, 03 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली पर सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर विधिवत होलिका दहन किया गया। परंपरा अनुसार दूसरे दिन मनाई जाने वाली धुलेड़ी इस बार चंद्रग्रहण के कारण दो चरणों में मनाई जा रही है, जिससे रंग खेलने का समय परिवर्तित करना पड़ा। इस कारण अब रंगाें की हाेली बुधवार काे खेली खाएगी।
मंगलवार सुबह 6:30 बजे से सायं 7:15 बजे तक चंद्रग्रहण के चलते मंदिरों के पट बंद रहे। सायं 7:15 बजे के बाद मंदिरों के कपाट खुलने पर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और इसके बाद देर शाम रंगों की होली खेलने की तैयारी शुरू हुई। शहर में रंग वाली होली मुख्यतः सायंकाल के बाद खेली जाएगी।
स्कूलों में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक होली का आनंद लिया।
बाजारों में बच्चों द्वारा पिचकारी, रंग-अबीर, गुलाल और मुखौटे खरीदे गए। बुधवार को रंगोत्सव का पूरा आनंद लेने की तैयारी है। इस वर्ष बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं मिठाई की दुकानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रही।
सामाजिक संगठनों ने भी होली उत्सव में सहभागिता निभाई। इम्पेक्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास चतुर्वेदी ने बच्चों के साथ होली मनाई, जबकि समाजसेवी अमित अग्रवाल ने बच्चों को गुलाल और पिचकारी वितरित कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
..........
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

