हमारे आचरण से ही समाज परिवर्तन होगा - कैलाश चंद्र

WhatsApp Channel Join Now
हमारे आचरण से ही समाज परिवर्तन होगा - कैलाश चंद्र


जबलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। पंच परिवर्तन : राष्ट्र पुनरुत्थान का पाथेय पुस्तक का लोकार्पण समारोह मंगलवार को जानकीरमण कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, रानीताल, जबलपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुस्तक के लेखक प्रो. उमेश कुमार सिंह- पूर्व निदेशक मध्यप्रदेश हिन्दी ग्रंथ अकादमी एवं साहित्य अकादमी भोपाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यह केवल पुस्तक नहीं मानव आचरण की मार्गदर्शिका है।

कार्यक्रम के मुख्यवक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ क्षेत्र प्रचार प्रमुख, मध्यक्षेत्र कैलाश चंद्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ ने पांच बातों का आग्रह किया है जो हमें अपने आचरण में लाना चाहिए। इन पांच बातों को ही पंच परिवर्तन कहा गया है। पंच परिवर्तन की पांच बातें - समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध एवं नागरिक कर्तव्यों का दायित्वबोध हैं। आगे उन्होंने कहा कि देश व समाज के कार्य में भेदभाव, रागद्वेष भुला कर हमें मिलकर कार्य करना चाहिए। हमारे आचरण से ही समाज परिवर्तन होता है।

कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. अभिजात कृष्ण त्रिपाठी प्राचार्य जानकीरमण कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय ने इस अवसर पर कहा कि यह अत्यंत उपयोगी पुस्तक है। साथ ही उन्होंने शुभकामनाएँ दीं कि पुस्तक अपने उद्देश्यों को पाठक के मनों में जाग्रत करेगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी शरद चन्द्र पालन उपस्थित रहे। पुस्तक लोकार्पण समारोह का संचालन डॉ. आनंद सिंह राणा ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story