राजगढ़ः दीवार तोड़ने व अभद्रता मामले पर हिंदू समाज में रोष

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः दीवार तोड़ने व अभद्रता मामले पर हिंदू समाज में रोष


राजगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन में विशेष समुदाय द्वारा हिंदू पक्ष की गली की दीवार तोड़ने और महिला से अभद्रता करने का मामला बुधवार को फिर से गरमा गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को अब तक गिरफ्तार न किए जाने पर स्थानीय हिंदू समाज में भारी आक्रोश देखा गया।

बड़ी संख्या में लोग महेश्वरी मंदिर में एकत्रित हुए और समस्त महाजन समाज के नेतृत्व में पैदल रैली निकालते हुए तलेन थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी राकेश दामले को कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि रविवार व सोमवार को मनोज परतानी के घर की दीवार तोड़ने तथा उनकी भाभी और पत्नी से गाली-गलौज,अभद्रता व मकान पर कब्जे की कोशिश के मामले में आरोपित यूसुफ खान उर्फ यूना, सिद्दिक लाला और सलमान को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। समाज का कहना है कि ऐसे गुंडों के खिलाफ अब तक कार्रवाई न होने से लोगों में भय का माहौल है। महिला के साथ हुई झूमाझटकी का वीडियो भी वायरल हुआ,जिससे आक्रोश और बढ़ गया।

लोगों का आरोप है कि यूसुफ उर्फ यूना आदतन अपराधी है और लोगों को डराकर उनकी जमीनों पर कब्जा कर व सस्ते दामों में खरीद कर भू-माफिया बन चुका है। इस कारण नगर में दहशत का वातावरण बना हुआ है। मामले में पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा का आश्वासन दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही है। पुलिस द्वारा 48 घंटे के भीतर आरोपितों को पकड़ने का आश्वासन दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story