भोपाल में हिंदू संगठनों ने संदिग्ध मांस से भरा ऑटो पकड़ा, ड्राइवर फरार, पुलिस ने जांच के लिए भेजे सैंपल

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में हिंदू संगठनों ने संदिग्ध मांस से भरा ऑटो पकड़ा, ड्राइवर फरार, पुलिस ने जांच के लिए भेजे सैंपल


भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध मांस से भरा एक ऑटो रिक्शा पकड़ा है। पुलिस ने वाहन और मांस को जब्त कर जांच के लिए सैंपल लैब भेज दिए हैं। साथ ही पुलिस की एक टीम फरार ड्राइवर और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, भोपाल के निशातपुरा थाना अंतर्गत कमल नगर इलाके में शुक्रवार तड़के बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने एक ऑटो को संदिग्ध हालत में जाते देखा। कार्यकर्ताओं को पहले से ही इस संबंध में इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर उन्होंने सुबह करीब तीन बजे इलाके में घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख ऑटो का ड्राइवर बीच रास्ते में ही वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब कार्यकर्ताओं ने लावारिस खड़े ऑटो रिक्शा की तलाशी ली, तो उसकी पिछली सीट पर पीले रंग की तिरपाल में बंधा हुआ संदिग्ध मांस बरामद हुआ। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑटो में ले जाया जा रहा मांस गोवंश का है। उन्होंने इस पूरे नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

निशातपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ऑटो सहित पूरे मांस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मांस किस पशु का है, यह पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए उसके सैंपल तुरंत फॉरेंसिक जांच लैब भेज दिए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच, पुलिस जब ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तफ्तीश करते हुए एक संदेही के ठिकाने पर दबिश देने पहुंची, तो वहां घर पर दो गोवंश बंधे हुए मिले। कार्यकर्ताओं का दावा है कि इन गोवंशों को भी काटने की तैयारी की जा रही थी, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि फरार ड्राइवर व इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story