आगरमालवाः फायर स्टेशन को लेकर हिन्दू समाज का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः फायर स्टेशन को लेकर हिन्दू समाज का अनिश्चितकालीन धरना शुरू


आगरमालवा, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय नगर के खसरा नंबर 1568 स्थित श्मशान भूमि पर प्रस्तावित फायर स्टेशन के निर्माण को लेकर हिंदू समाज और स्थानीय नागरिकों का विरोध अब आंदोलन में बदल गया है। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोके जाने के बाद हिंदू समाज ने मंगलवार से नगर पालिका परिषद के सामने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

गौरतलब है कि हिंदू समाज के लोगों द्वारा पिछले काफी समय से श्मशान भूमि पर फायर स्टेशन बनाए जाने का विरोध किया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रभारी मंत्री से चर्चा करने के साथ ही कई बार लिखित आवेदन और ज्ञापन भी सौंपे गए।

आंदोलनकारियों का कहना है कि हर स्तर पर उन्हें आश्वासन तो मिला, लेकिन इसके बावजूद फायर स्टेशन का निर्माण कार्य नहीं रोका गया। हिंदू समाज के लोगों का कहना है कि खसरा नंबर 1568 स्थित यह भूमि पिछले कई वर्षों से आगरमालवा नगर और आसपास के क्षैत्र के लोगों के लिए अंतिम संस्कार का प्रमुख स्थल रही है। इसके अलावा यहां मृत नवजात शिशुओं तथा गोवंश को दफनाने का कार्य भी किया जाता है। ऐसे में इसी भूमि पर फायर स्टेशन का निर्माण होने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भविष्य में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और इससे लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं भी आहत हो सकती हैं।

इन्हीं मांगों को लेकर अब सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन के समक्ष अपना विरोध और अधिक मजबूती से दर्ज कराने का निर्णय लेते हुए आज मंगलवार से नगर पालिका परिसर के बाहर शुरू हुआ यह धरना अनिश्चितकाल तक जारी रखने का ऐलान किया गया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसक और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। इस संबंध में धरना प्रदर्शन की अनुमति के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया जा चुका है।

------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story