जबलपुरः अफगानी छात्र की एफआईआर निरस्त, 7 सप्ताह में भारत छोड़ने का आदेश

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः अफगानी छात्र की एफआईआर निरस्त, 7 सप्ताह में भारत छोड़ने का आदेश


जबलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने अफगानिस्तान के नागरिक सैयद रशेद सदात के खिलाफ भोपाल के कोलार रोड थाने में दर्ज एफआईआर निरस्त कर दी है। तालिबान के सत्ता में आने के बाद उत्पीड़न के डर से भारत में रुके छात्र ने अब अपने देश लौटने की इच्छा जताई थी। इस पर उच्च न्यायालय ने उसे 30 दिन के भीतर अफगानिस्तान वापसी का टिकट खरीदने और अधिकतम सात सप्ताह में भारत छोड़ने का आदेश दिया है।

सैयद रशेद दिसंबर 2019 में छात्र वीजा पर भारत आया था और भोपाल की एक निजी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी की थी। अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता आने के बाद उसने उत्पीड़न की आशंका जताते हुए संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त के कार्यालय में शरणार्थी दर्जे के लिए आवेदन किया था। उसे मार्च 2023 में ब्लू कार्ड और सितंबर 2024 में शरणार्थी कार्ड जारी किया गया, जो फरवरी 2027 तक वैध था।

हालांकि, उसका छात्र वीजा 24 मार्च 2024 को समाप्त हो गया था। निर्धारित अवधि से अधिक भारत में रुकने पर विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 14 के तहत उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उसने इस कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन एकलपीठ से राहत नहीं मिलने पर डिवीजन बेंच में अपील की।

मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की पीठ के समक्ष छात्र के वकीलों ने बताया कि अब उसे अफगानिस्तान लौटने में कोई डर नहीं है और वह भारत में नहीं रहना चाहता। अदालत ने उसके शपथपत्र और बदली परिस्थितियों को देखते हुए एफआईआर निरस्त कर दी।

हाईकोर्ट ने कहा कि भारत में उसका प्रवेश वैध था और उसके खिलाफ किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने का आरोप नहीं है। ऐसे में जब वह स्वेच्छा से अपने देश लौटना चाहता है, तो केवल वीजा अवधि से अधिक रुकने के मामले में आपराधिक कार्रवाई जारी रखना न्यायोचित नहीं होगा। कोर्ट ने भविष्य में वैध वीजा के बिना भारत में प्रवेश नहीं करने की शर्त भी लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775104 Articles

Share this story