हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव बने असीम त्रिवेदी, योगेश सोनी को 150 वोट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव बने असीम त्रिवेदी, योगेश सोनी को 150 वोट से हराया


जबलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव पद के चुनाव में असीम त्रिवेदी ने शानदार जीत दर्ज की है। मंगलवार को शुरू मतगणना के शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखने वाले त्रिवेदी ने अंतिम परिणाम तक अपना दबदबा कायम रखा और निकटतम प्रतिद्वंद्वी योगेश सोनी को 150 मतों के अंतर से पराजित किया।

मतगणना में असीम त्रिवेदी को कुल 608 वोट प्राप्त हुए, जबकि योगेश सोनी के खाते में 458 मत आए। इस तरह त्रिवेदी ने 150 मतों की निर्णायक बढ़त हासिल कर सचिव पद पर जीत दर्ज की।

परिणाम की आधिकारिक घोषणा होते ही असीम त्रिवेदी के समर्थकों और साथी अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नवनिर्वाचित सचिव का स्वागत किया गया।

जीत के बाद असीम त्रिवेदी ने सभी मतदाता अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि अधिवक्ता संघ के सदस्यों के विश्वास की जीत है। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से काम करने का भरोसा दिलाया।

त्रिवेदी की जीत के साथ ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनावी परिणामों को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story