अनूपपुर: तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, चार लोग फंसे पुलिस ने शीशा तोड़ निकाला

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, चार लोग फंसे पुलिस ने शीशा तोड़ निकाला


अनूपपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम धनगवां में सोमवार को तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में कार में सवार चार लोग फंस गए, जिन्हें यातायात पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।

यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि कार क्रमांक डीएल 10 सीके 3046 में सवार एक परिवार छत्तीसगढ़ से गाडासराई (डिंडोरी) की ओर जा रहा था। धनगवां के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी और पूरी तरह पलट गई।

दरवाजा बंद होने से कार सवार फंसे

हादसे के बाद वाहन के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे अंदर फंसे चालक, दो महिलाएं और एक अन्य पुरुष बाहर नहीं निकल पा रहे थे। उसी समय सड़क सुरक्षा पेट्रोलिंग कर रही यातायात टीम को घटना की सूचना मिली। एएसआई ब्रिजेश सिंह, प्रधान आरक्षक रिजवान और आरक्षक मनीष सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन के शीशे और लॉक तोड़कर चारों सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों को जैतहरी अस्पताल में भर्ती कराया

घायलों को तत्काल प्राथमिक इलाज देते हुए नजदीकी जैतहरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि घायलों को समय पर अस्पताल नहीं लाया जाता, तो अत्यधिक रक्तस्राव या दम घुटने से उनकी स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल उनका इलाज जारी है। घायलों के होश में आने और बयान देने की स्थिति में उनके नाम और पते की जानकारी दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story