उज्जैन में बनेंगे हाईलेवल डिसइन्फेक्टेंट, खत्म होगी आयात पर निर्भरता

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन में बनेंगे हाईलेवल डिसइन्फेक्टेंट, खत्म होगी आयात पर निर्भरता


उज्जैन, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में विक्रम उद्योगपुरी स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में माइक्रोजेन हेल्थकेयर की फैक्ट्री के शुभारंभ के साथ ही कंपनी ने फैक्टरी में ट्रायल रन शुरू कर दिया है। इस प्लांट में हाई लेवल डिसइन्फेक्टेंट बनेंगे जो आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में खतरनाक बैक्टीरिया और वायरस को खत्म करने के लिए बेहद अहम है। इससे विदेश से आयात पर निर्भतरा समाप्त होगी वहीं प्रदेश का हेल्थ केयर सिस्टम मजबूत होगा।

कंपनी के चेयरमैन दिलीप पारिक एवं डायरेक्टर डॉ. आरके फरीदी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यहां हाईलेवल डिसइन्फेक्टेंट के अलावा एडवांस स्टेरलाइजेशन सोल्यूशंस बनेंग। जिनसे अस्पताल के उपकरणों को कीटाणुरहित किया जाता है, ताकि मरीजों को संक्रमण से बचाया जा सके। ऐसे विशेष उत्पाद बनाए जाएंगे जो नए या पुराने घावों को जल्दी भरने में मदद करते हैं। ऑर्थोपेडिक इंप्लांट्स यानी जोड़ों (जैसे घुटना, कूल्हा) के रिप्लेसमेंट के लिए शरीर के अनुकूल उपकरण बनाए जाएंगे। इनकी मांग देश-विदेश में है। उन्होने बताया कि करीब 40 करोड़ रु. के निवेश से स्थापित इस इकाई से 150 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

म.प्र.औद्योगिक विकास निगम,उज्जैन के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि कंपनी को दो वर्ष पूर्व 2.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी। यह परियोजना उज्जैन को मेडिकल डिवाइस निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होने बताया कि विक्रम उद्योगपुरी में करीब 360 एकड़ क्षेत्र में विकसित मेडिकल डिवाइस पार्क को देश के चार प्रमुख मेडिकल डिवाइस पार्कों में शामिल किया गया है। बीते दो वर्षों में 66 इकाइयों को जमीन आवंटित की जा चुकी है। अब एक भी प्लॉट खाली नहीं बचा है। सभी प्लॉट मेडिकल और फार्मा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों द्वारा लिए गए हैं।

उन्होने बताया कि उद्योगों के लिए प्लग एंड प्ले सुविधाएं, अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और टेस्टिंग लैब्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे कंपनियों को तेजी से उत्पादन शुरू करने में मदद मिल रही है। मेडिकल डिवाइस पार्क में 18 अन्य कंपनियों का निर्माण कार्य जारी है। इनमें से कई कंपनियां इसी वर्ष उत्पादन शुरू करेंगी। अनुमान है कि इस वर्ष कम से कम 8 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो जाएगा, जोकि चिकित्सा उपकरण निर्माण से जुड़ी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story