राजगढ़ः हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकली विशाल कांवड़ यात्रा, पूर्व मंत्री रहे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकली विशाल कांवड़ यात्रा, पूर्व मंत्री रहे शामिल


राजगढ़, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर में सावन माह के चौथे दिन रविवार को आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। गिरिराज मित्र मंडल के तत्वावधान में विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें 100 से अधिक कांवड़ियों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह खींची भी कंधे पर कांवड़ उठाकर श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए।

कांवड़ यात्रा की शुरुआत सुबह श्री छापेश्वर महादेव मंदिर से हुई। श्रद्धालुओं ने छापी नदी से पवित्र जल भरकर करीब 25 किलोमीटर की पैदल यात्रा प्रारंभ की। यात्रा का समापन गोघटपुर मठ स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर में हुआ, जहां विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के जयघोष और शिव भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। डीजे की धुन पर शिवभक्त भक्ति में सराबोर होकर आगे बढ़ते रहे। कोडक्या, माचलपुर सहित कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था भी की।

आयोजन समिति ने बताया कि श्रावण मास में हर वर्ष इस धार्मिक परंपरा का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था को मजबूत करने के साथ सामाजिक और धार्मिक एकता का संदेश देना है। शाम करीब पांच बजे गोघटपुर मठ पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान मनकामनेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story