जबलपुरः पड़ोसी देशों में तेजी से फैल रहे जानलेवा रोग को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जताई चिंता
जबलपुर, 27 मई (हि.स.)। भारत के पड़ोसी देशों में तेजी से फैल रहे जानलेवा रोग खसरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने चिंता जताई है। अधिकारियों का कहना है कि इसका प्रभाव भारत में भी बढ़ सकता है। बच्चों को इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एम.आर. टीकाकरण बेहद जरूरी है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने बुधवार को जबलपुर के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का 9 माह और 16 माह की आयु में एम.आर.-1 एवं एम.आर.-2 टीकाकरण अवश्य करवाएं। यह टीकाकरण जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा है कि यदि 5 वर्ष तक का कोई बच्चा एम.आर. टीकाकरण से वंचित रह गया हो, तो उसे भी जल्द से जल्द टीका लगवाया जाए। इसके लिए अभिभावक अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र में आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या एएनएम से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

