जबलपुर : अनियमितता के चलते डॉ लाल पैथलैब्स सैंपल कलेक्शन सेंटर सील तथा आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को दिया नोटिस
जबलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारीडॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर कांचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स के सैंपल कलेक्शन सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि लेबर चौक, स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जया श्रीवास्तव, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील तथा सदस्य विकास श्रीवास्तव की संयुक्त टीम ने कांचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स के सैंपल कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित आवश्यक मेंटेनेंस रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा केंद्र में कार्यरत टेक्नीशियन का नई दिल्ली पैरामेडिकल काउंसिल अथवा मध्य प्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल में पंजीयन भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल कलेक्शन सेंटर को तत्काल सील कर दिया। साथ ही संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तीन दिवस के भीतर केंद्र एवं वहां कार्यरत कर्मचारियों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित हों।
इसी क्रम में सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने लेबर चौक, स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील एवं सदस्य विकास श्रीवास्तव को विस्तृत निरीक्षण के लिए भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल का पंजीयन आयुर्वेदिक उपचार के लिए है, जबकि परिसर में एलोपैथिक दवाइयां भी उपलब्ध थीं। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन का पंजीयन तो मिला, लेकिन उससे संबंधित मेंटेनेंस रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया जा सका।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर अस्पताल के पंजीयन, कार्यरत स्टाफ की शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज सीएमएचओ कार्यालय, विक्टोरिया अस्पताल परिसर में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

