अनूपपुर: पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य


अनूपपुर: पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य


अनूपपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर निर्धारित शुल्क के अनुसार जुर्माना लगाने, शासकीय शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने तथा स्वयं यातायात नियमों का पालन कर दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने, पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने की के निर्देश शुक्रवार को कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए हैं।

बैठक में अनूपपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, दुर्घटना संभावित स्थलों तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के लिए समन्वित रूप से कार्य करने और निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में संचालित सभी प्रकार के वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय, राज्य एवं मुख्य जिला मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर तथा आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने को कहा।

चिन्हित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर 15 दिवस के भीतर हटाया जाए। इन स्थानों पर तत्काल आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। राष्ट्रीय एवं अन्य प्रमुख मार्गों के किनारे निर्धारित नियमों के विपरीत किए गए निर्माण और गतिविधियों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों पर बने बड़े गड्ढों को भरने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पीड ब्रेकरों की स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधार करने और उनके पहले संकेतक बोर्ड लगाने को कहा। प्रमुख चौराहों एवं क्रॉसिंग प्वाइंट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के क्रॉसिंग स्थलों पर संबंधित विभागों एवं पंचायतों के समन्वय से प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। सड़क किनारे संचालित दुकानों एवं अतिक्रमणकारी गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए नई समय-सारणी निर्धारित कर सात दिवस में आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।

हेलमेट के उपयोग के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कलेक्टर ने लघु फिल्म तैयार कर सिनेमाघरों में प्रत्येक फिल्म के प्रदर्शन से पहले दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों के मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले प्रवेश स्थलों पर बाउंड्रीवॉल एवं गेट की व्यवस्था करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने को भी कहा।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ काम करना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, जिला परिवहन अधिकारी सुरेश सिंह गौतम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अलका तिवारी सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784036 Articles

Share this story