दतिया में झमाझम बारिश से जलभराव, कच्चा मकान गिरा; अंगूरी बैराज से पहूंज नदी में छोड़ा पानी

WhatsApp Channel Join Now
दतिया में झमाझम बारिश से जलभराव, कच्चा मकान गिरा; अंगूरी बैराज से पहूंज नदी में छोड़ा पानी


दतिया, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में मंगलवार रात से मौसम ने करवट ली और करीब दो बजे शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि विभिन्न कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने से जिले में आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। बारिश से किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने से प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

अंगूरी बैराज से पहूंज नदी में छोड़ा जा रहा पानी

लगातार बारिश के चलते अंगूरी बैराज में जलस्तर बढ़ गया है। बैराज में पानी का स्तर बढ़कर 7.0 क्यूमेक्स होने के बाद पहूंज नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर में और वृद्धि होने पर पानी छोड़ने की अवधि बढ़ाई जा सकती है। इसे देखते हुए नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी और उसके तटबंधों से दूर रहने की अपील की है।

प्राकृतिक झरना बना आकर्षण

बारिश के बाद असनई रामलाल मंदिर रोड पर प्राकृतिक झरना बहने लगा है। झरने का मनमोहक दृश्य देखने और बारिश का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक यहां पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वार्ड-16 में कच्चा मकान गिरा

तेज बारिश के कारण नगर के वार्ड-16 में दुर्गा प्रसाद प्रजापति का कच्चा मकान गिर गया। मकान गिरने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश को देखते हुए कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।

15 अक्टूबर तक संचालित रहेगा बाढ़ नियंत्रण कक्ष

जिले में भारी वर्षा और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ एवं आपदा से निपटने के लिए जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यह नियंत्रण कक्ष 15 अक्टूबर 2026 तक 24 घंटे संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07522-235100 निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष में तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ या आपदा से संबंधित सूचना मिलते ही तत्काल प्रभारी अधिकारी राहत शाखा एवं आपदा प्रबंधन को इसकी जानकारी दें। नियंत्रण कक्ष के संचालन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग तिथियों एवं पारियों में ड्यूटी लगाई गई है।

पहली पारी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी पारी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक तथा तीसरी पारी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगी। ड्यूटी में राजस्व, कृषि, शिक्षा, नगर पालिका, पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

प्रशासन ने जिलेवासियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story