जबलपुर : जर्जर पुलिया से नाले में गिरी बाइक, पेड़ पकड़कर युवक ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : जर्जर पुलिया से नाले में गिरी बाइक, पेड़ पकड़कर युवक ने बचाई जान


जबलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। सिहोरा थाना क्षेत्र के मझगवां रोड पर देर रात एक युवक बाइक समेत उफनाते नाले में गिर गया। हादसे में युवक करीब 100 मीटर तक पानी में बहा, लेकिन पेड़ पकड़कर उसने किसी तरह अपनी जान बचा ली।

पुलिस के अनुसार डेलन मरावी देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। करीब एक बजे पाराखेड़ा के पास जर्जर पुलिया से गुजरते समय अंधेरे में टूटा रास्ता नजर नहीं आया और बाइक समेत नाले में जा गिरे।

पानी के तेज बहाव में बहते हुए उन्होंने एक पेड़ पकड़ लिया और बाहर निकलने में सफल रहे। करीब तीन बजे घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सुबह ग्रामीणों ने नाले से बाइक बाहर निकाली। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया करीब एक साल से जर्जर है और सड़क भी क्षतिग्रस्त है। उन्होंने प्रशासन से पुलिया और सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story