नौतपा से पहले ही अनूपपुर में बढ़ी गर्मी, पारा 40 डिग्री पार; हीट वेव अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
नौतपा से पहले ही अनूपपुर में बढ़ी गर्मी, पारा 40 डिग्री पार; हीट वेव अलर्ट जारी


अनूपपुर, 14 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में लू चलने की संभावना जताते हुए हीट वेव अलर्ट जारी किया है।

सुबह 10 बजे के बाद ही धूप तेज हो जाती है और दोपहर तक सड़कें सूनी नजर आने लगती हैं। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के कारण शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं।

गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में उल्टी-दस्त, तेज बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एस. आर. परस्ते ने बताया कि यह मौसम बच्चों और बुजुर्गों के लिए अधिक संवेदनशील है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

तेज गर्मी के चलते शहर में बिजली और पानी की खपत में भी करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कई इलाकों में दोपहर के समय लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से लोग परेशान हैं। वहीं गन्ने का रस, लस्सी और मटके के पानी जैसे ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और खुद को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story