खाकी में आध्यात्मिक शांति का संचार, देवास पुलिस ने अपनाया तनाव मुक्त पुलिसिंग का मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
खाकी में आध्यात्मिक शांति का संचार, देवास पुलिस ने अपनाया तनाव मुक्त पुलिसिंग का मंत्र


- हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए ध्यान सत्र का संचालन

भोपाल, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने एवं जनसेवा में संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक अभिनव एवं प्रेरणादायक पहल में गुरुवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र, देवास में एक विशेष ध्यान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह आयोजन पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं पुलिस महानिरीक्षक रुचि वर्धन मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गहलोत के नेतृत्व से हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्व विख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं हार्टफुलनेस संस्थान के प्रणेता कमलेश डी. पटेल (‘दाजी’) की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने पहली बार किसी पुलिस थाने में पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ सीधे संवाद किया एवं ध्यान सत्र का संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान ‘दाजी’ ने पुलिसकर्मियों को ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से मानसिक तनाव को नियंत्रित करने, भावनात्मक संतुलन बनाए रखने एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि हर रविवार का 30 मिनट का ध्यान, पूरे सप्ताह की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के लिए मानसिक कवच का कार्य करता है।

मध्य प्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्थान के मध्य फरवरी 2025 में हुए एमओयू के तहत प्रदेश के समस्त थानों में प्रत्येक रविवार प्रातः 10 बजे नियमित ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा।

इस अवसर पर थाना परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों एवं ‘दाजी’ द्वारा पौध-रोपण भी किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं आंतरिक शांति के प्रतीकात्मक समन्वय का संदेश देता है। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण का माध्यम बना, बल्कि “तनाव मुक्त, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग” की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में उभरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story