अनूपपुर: बस-पिकअप की मोड पर आमने-सामने की टक्कर, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: बस-पिकअप की मोड पर आमने-सामने की टक्कर, तीन घायल


अनूपपुर: बस-पिकअप की मोड पर आमने-सामने की टक्कर, तीन घायल


अनूपपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रीवा-अमरकंटक मार्ग पर ग्राम छीरापटपर के पास गुरुवार को बस और पिकअप की टक्कर में 3 लोग घायल हो गए। हादसे में घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद 70 वर्षीय परमानंद नायक को छुट्टी दे दी गई, जबकि 55 वर्षीय कमला चौधरी और 33 वर्षीय फैज मोहम्मद की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने बताया कि बस राजेंद्रग्राम से अनूपपुर आ रही थी। उसमें 14-15 यात्री सवार थे। सामने से अनूपपुर से डिंडोरी की ओर पार्सल लेकर जा रही पिकअप की छीरापटपर गांव के पास टक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला का आरोप- लापरवाही से चला रहा था बस

बस में सवार घायल कमला चौधरी ने आरोप लगाया कि बस चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। उन्होंने बताया कि चालक खुद को पुराना, सीनियर और अनुभवी बता रहा था। कुछ ही देर बाद बस सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। कमला उमरिया जिले के पाली नगर परिषद में अपनी बेटी के घर जा रही थीं। उन्हें दामाद के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होना था।

पुलिस अधीक्षक जिला चिकित्सालय पहुंच जाना हाल

घायलों की पहचान अनूपपुर के वार्ड नंबर 5 निवासी परमानंद नायक, राजेंद्रग्राम के पकरीटोला निवासी कमला चौधरी और उमरिया जिले के नौरोजाबाद निवासी फैज मोहम्मद के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों को सामान्य चोटें आई हैं। कमला की कलाई और फैज के हाथ में चोट के कारण एक्स-रे जांच लिखी गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। कोतवाली थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। दोनों वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पिकअप चालक बोला- मेरी साइड में मारी टक्कर

पिकअप चालक ने बताया कि वह जबलपुर से पार्सल लेकर निकला था। उमरिया, शहडोल, बुढार और अनूपपुर में सामान बांटने के बाद वह राजेंद्रग्राम के रास्ते डिंडोरी जा रहा था। तभी छीरापटपर के पास मोड़ पर पिकअप सड़क की ओर थी, तभी सामने से आई बस ने उसके साइड में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप सड़क किनारे रेलिंग से सट गई। चालक ने बताया कि वह वाहन में अकेला था और उसे चोट नहीं आई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story