(अपडेट) अनूपपुर: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में मासूम समेत तीन की मौत, तीन गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) अनूपपुर: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में मासूम समेत तीन की मौत, तीन गंभीर घायल


अनूपपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के खोडरी गांव स्थित जर्राटोला पंचायत के आरोग्यधाम अस्पताल के पास मंगलवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में चार वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, बिजुरी थाना अंतर्गत छतई गांव निवासी 34 वर्षीय खुमान सिंह 30 वर्षीय पत्नी ज्योति अगरिया और तीन बच्चों के साथ पिपरटोला, थाना बिजुरी से अपने गांव लौट रहे थे। उनकी बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। वहीं, दूसरी बाइक पर निमहा गांव निवासी दो सगे भाई हीरा सिंह और अंतराज सिंह गोंड़ सवार थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में खुमान सिंह, चार वर्षीय बेटे ऋषि सिंह और दूसरी बाइक पर हीरा सिंह गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में खुमान सिंह की पत्नी ज्योति, सात वर्षीय बेटा रितिक और दूसरी बाइक पर सवार अंतराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ढाई वर्षीय बच्चा अंश सुरक्षित रहा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार

हादसे के बाद घायलों को करीब एक बजे कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब तीन घंटे लग गए। इस दौरान गंभीर रूप से घायल ज्योति, उनके बेटे रितिक और अंतराज को अस्पताल में इंतजार करना पड़ा। शाम करीब चार बजे एंबुलेंस पहुंचने के बाद पुलिस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा गया। घायलों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य और थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस अस्पताल पहुंचे।

एसपी अंकित सोनी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर होने के कारण वे फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story