सीधी में तेज बारिश के बीच सफारी-अल्टो की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
सीधी में तेज बारिश के बीच सफारी-अल्टो की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर घायल


सीधी में तेज बारिश के बीच सफारी-अल्टो की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर घायल


जोगीपुर बाईपास पर देर रात हुआ हादसा

सीधी, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधीजिले के जोगीपुर बाईपास पर मंगलवार देर रात तेज बारिश के बीच एक सफारी और अल्टो कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (एसजीएमएच) रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ। अल्टो कार सीधी से सिंगरौली की ओर जा रही थी, जबकि सामने से आ रही सफारी से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, जिससे दृश्यता काफी कम थी। प्रारंभिक तौर पर बारिश और कम विजिबिलिटी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ऑन-ड्यूटी पायलट गौरव तिवारी और ईएमटी उमंग मिश्रा ने घायलों को तत्काल सीधी जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया।

रीवा जिले के रहने वाले हैं घायल

हादसे में घायलों की पहचान धीरेन्द्र शर्मा (28) पुत्र राजमणि शर्मा, निवासी ग्राम नकटा, थाना बैकुंठपुर, जिला रीवा, संदीप मिश्रा (37) पुत्र रंगनाथ मिश्रा, निवासी ग्राम तेंदुआ पैकान, थाना समान, जिला रीवा और देवेश तिवारी (26) पुत्र देवेंद्र तिवारी, निवासी ग्राम जबा, त्योंथर, जिला रीवा के रूप में हुई है। 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधक लवकेश सिंह बघेल ने बताया कि तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में तेज बारिश और कम दृश्यता को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story