सिंगरौली में देवसर मार्ग पर बस-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, बाल-बाल बचे यात्री

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली में देवसर मार्ग पर बस-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, बाल-बाल बचे यात्री


सिंगरौली, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौलीजिले के देवसर-चौराडांड़-जियावन मार्ग पर सोमवार सुबह एक बस और बोलेरो पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 9.30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में काेई जनहानि नहीं हुई है। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें और खरोंचें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 19 पी 6070 बैढ़न से सतना-रीवा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से सतना की ओर से किराना सामान लेकर आ रही बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 19 जीए 5402 से उसकी टक्कर हो गई। आमने-सामने हुई भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर में बस को पिकअप की तुलना में अधिक नुकसान हुआ। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों की मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी के अनुसार, हादसे में बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी यात्री की हालत गंभीर नहीं है। यात्रियों को आगे की यात्रा में परेशानी न हो, इसके लिए बस ऑपरेटर ने दूसरी बस की व्यवस्था की, जिससे सभी यात्रियों को सतना के लिए रवाना किया गया।

तेज रफ्तार की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण

प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों की स्थिति और मौके के हालात की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवसर-चौराडांड़-जियावन मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी दुर्घटनाएं होती रही हैं। लोगों ने मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की जरूरत बताई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story