राजगढ़ःड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले प्रधान आरक्षक के परिवार को 1.23 करोड़ की मदद, बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति
राजगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले प्रधान आरक्षक सर्जन भील के परिवार को राजगढ़ पुलिस ने बड़ी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बुधवार को दिवंगत प्रधान आरक्षक के आश्रित पिता रामदयाल भील और पत्नी वर्षा भील को 1.23 करोड़ रुपए का चेक सौंपा। यह राशि पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक की फूलखेड़ी शाखा, राजगढ़ के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। साथ ही दिवंगत पुलिसकर्मी के पुत्र शरद भील को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।
प्रधान आरक्षक सर्जन भील थाना ब्यावरा सिटी में पदस्थ थे। 6 नवंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान ट्रक से हुई दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई थी। विभाग ने अब परिवार को आर्थिक संबल देने के साथ पुत्र को रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने शरद भील से आत्मीयता से मुलाकात कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

