सिवनीः हलधर किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, इस धरा के वास्तविक शुभंकर -मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः हलधर किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, इस धरा के वास्तविक शुभंकर -मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री संबल योजना में 16 हजार से अधिक श्रमिकों को अंतरित किये 365 करोड़ रुपये

सिवनी, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पालीटेक्निक ग्राउंड में बुधवार को आयोजित राज्यस्तरीय धान महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे हलधर किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, इस धरा के वास्तविक शुभंकर है। वे अपने अथक परिश्रम से पूरे समाज का उदर-पोषण करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली ही हमारी सरकार का संकल्प हैं, क्योंकि किसान समृद्ध होगा, तभी तो हमारा देश और प्रदेश समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकौशल की धरती धान उत्पादन के लिए जग प्रसिद्ध है। शेर की दहाड़ और सतपुड़ा के पहाड़ और अब यहां की छत्रिय धान इस क्षेत्र की बड़ी पहचान है। छत्रिय धान को अब भौगोलिक संकेतक टैग (जीआई टैग) मिल गया है। यह हमारी देशज और पारंपरिक कृषि का वैश्विक सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के धान उत्पादक किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब धान की फसल पर भी भावांतर योजना का लाभ दिया जाएगा। राज्य सरकार धान उत्पादक किसानों को एमएसपी और बाजार मूल्य के बीच के अंतर की राशि का भुगतान करेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना (मनरेगा का नया स्वरूप) के तहत प्रदेश में विभिन्न श्रेणी के काम लगातार चलायें जाएंगे। किसानों और रोजगार के जरूरतमंदों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 3 हजार 941 किसानों को 1 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से कोदो-कुटकी के बोनस के रूप में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपए की प्रोत्साहन राशि किसानों के खातों में अंतरित किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार श्रीअन्न उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ-साथ बोनस भी दे रही है। हमने प्रदेश में पहली बार शासकीय स्तर पर कोदो कुटकी खरीदने के लिए अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के अंतर्गत प्रदेश के 16 हजार 754 से अधिक श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। साथ ही 494 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 629 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर सिवनी जिले को बड़ी सौगात दी। इसमें 349.33 करोड़ रुपये की लागत के 586 विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.83 करोड़ रुपए की लागत के 43 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बालाघाट से सिवनी तक फोरलेन रोड निर्माण कार्य की घोषणा करते हुए कहा कि जिले के छपारा ब्लॉक के ग्राम चमारी में शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा। ग्राम सागर से खटकर तक पक्की रोड का निर्माण किया जाएगा। ग्राम छिड़िया पलारी में नगर वन स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 1 से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। सभी अपने बच्चों को स्कूलों में प्रवेश कराएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विपक्षी दल की सरकारों ने गरीब-जरूरतमंदों को कभी संबल योजना का लाभ नहीं दिया। संबल योजना में सरकार दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और शारीरिक अपंगता आने पर 1 लाख रुपए की सहायता राशि दे रही है। श्रमिक परिवारों को आयुष्मान भारत योजना में 5 लाख रुपए तक के निरूशुल्क इलाज की सुविधा भी दी जा रही है।आयुष्मान कार्ड धारकों को गंभीर बीमारी होने पर जीवन रक्षा के लिए एयर ऐंबुलेंस की सुविधा दी जा रही है। राज्य सरकार हर वर्गों के गरीब, वंचित और आखिरी पंक्ति में बैठे लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रहे सभी पात्र लोगों को आवास देने के लिए सर्वे कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस सीजन में गेहूं खरीद का नया रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश के 13 लाख 46 हजार से अधिक किसानों से कुल 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदकर उन्हें 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से फसल राशि भुगतान की गई है। सोयाबीन उत्पादक किसानों को भी भावांतर योजना के माध्यम से लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश हमारी सरकार खेत से लेकर बाजार तक हर क्षेत्र में मूल्य संवर्धन पर काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम दिलवाने के लिए सरकार संकल्पित है। किसानों को आपदा से हुए नुकसान के लिए 2106 करोड़ का मुआवजा दिया गया है। एग्रीटेक सिस्टम से खाद वितरण में हो रही गड़बड़ियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है। सभी जिला कलेक्टर खाद वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। किसान कल्याण वर्ष में किसान भाई मात्र 5 रुपए में बिजली का कनेक्शन ले सकते हैं। किसानों को अब दिन 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने रानी दुर्गावती को सम्मान देते हुए अपनी पहली कैबिनेट जबलपुर में आयोजित की थी। इसी क्षेत्र में उनके नाम से रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना की शुरुआत भी की है। आज प्रदेश के 3941 किसानों को बोनस राशि दे दी गई है। राज्य में कोटो कुटकी के ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के लिए भी काम जारी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि डिंडोरी की सीताही कुटकी, नागदमन कुटकी और बैगनी अरहर को भी जीआई टैग मिला है।

थीम आधारित विकास प्रदर्शनी रही विशेष आकर्षण

कार्यक्रम का अन्य आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई थीम आधारित विकास प्रदर्शनी रही, जिसका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, महिला स्व-सहायता समूहों तथा अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अवलोकन के दौरान आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए बांस एवं माटी कला उत्पादों की विशेष रूप से सराहना करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story