(अपडेट) राजगढ़ः हरियाली अमावस्या पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ियों ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक
राजगढ़, 12 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हरियाली अमावस्या का पर्व बुधवार को आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर अभिषेक किया तथा सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ब्यावरा शहर के अंजनीलाल धाम मंदिर में हरियाली अमावस्या पर विशेष आयोजन हुए।
करनवास के समीप समेली त्रिवेणी संगम से पवित्र जल लेकर कांवड़िए पदयात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। यहां द्वादश ज्योतिर्लिंग महादेव का जलाभिषेक किया गया। भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर ट्रस्ट ने कांवड़ियों का सम्मान किया, जबकि श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। घुरैल स्थित प्राचीन पशुपतिनाथ मंदिर में भी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्त पार्वती नदी सहित अन्य पवित्र नदियों से जल लेकर पहुंचे और भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक किया। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा से स्वागत कर प्रसादी का वितरण किया। यह मंदिर नाथ योगियों की सिद्धस्थली के रूप में प्रसिद्ध है।
इसके अलावा घोघराघाट के प्राचीन शिवालय, सुठालिया के बूढ़ा महादेव,बाबा बालकेश्वर मंदिर, बाग वाले बालाजी मंदिर, चंपालाल बगीचा, राजगढ़ के खोयरी मंदिर तथा नरसिंहगढ़ के पहाड़ी पर स्थित बड़े महादेव और छोटे महादेव मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़ यात्राओं के चलते प्रमुख मार्ग भी भक्तिमय नजर आए और जिलेभर में धार्मिक माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

