दमोह के हरदुआ खुर्द में पकड़ा गया विशालकाय मगरमच्छ, 10 दिन से दहशत में थे ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
दमोह के हरदुआ खुर्द में पकड़ा गया विशालकाय मगरमच्छ, 10 दिन से दहशत में थे ग्रामीण


दमोह, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में जबेरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरई के हरदुआ खुर्द गांव में शुक्रवार को वन विभाग की संयुक्त टीम ने रिहायशी इलाके के पास दिखाई दे रहे विशालकाय मगरमच्छ को रेस्क्यू कर पकड़ लिया। पिछले करीब 10 दिनों से मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। उसके पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह मगरमच्छ गांव के आबादी वाले क्षेत्र के नजदीक दिखाई दिया। इसकी खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। रिहायशी इलाके के पास विशालकाय मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की।

सूचना मिलने पर वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। टीम के सदस्यों ने आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।

इस अभियान में आरक्षक प्रशांत दुबे, सर्पमित्र सूरज रैकवार, छोटू पटेल, डिप्टी रेंजर नारायण चौबे और झलकन साहू सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब 10 दिनों से क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने के कारण लोग आशंकित थे। आबादी के नजदीक उसके पहुंचने से किसी अप्रिय घटना की संभावना को लेकर ग्रामीण चिंतित थे।

शुक्रवार को वन विभाग की टीम द्वारा मगरमच्छ को पकड़ लिए जाने के बाद गांव के लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि, रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को किस स्थान पर छोड़ा गया, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761806 Articles

Share this story