हरदीप पुरी की उम्मीदवारी के विरोध में भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका, भोपाल आने पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
हरदीप पुरी की उम्मीदवारी के विरोध में भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका, भोपाल आने पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी


भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को राजधानी भोपाल में अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर पुरी के पुतले जलाए। बरखेड़ा पठानी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साकेत नगर के अध्यक्ष सुशील प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। वहीं, युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की राज्यसभा सीट का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी वापस लेने की मांग की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

ब्लॉक अध्यक्ष बोले- मुख्यमंत्री विरोध करने की स्थिति में नहीं

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति ने आरोप लगाया कि एपस्टीन प्रकरण से जुड़े विवादों के बीच हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का फैसला लिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इस उम्मीदवारी का विरोध नहीं कर पा रहे हैं। प्रजापति ने पुरी के साथ एपस्टीन के कथित संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

भोपाल आने पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी

युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के लिए भोपाल आने पर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। एनएसयूआई की प्रदेश उपाध्यक्ष विदुषी शर्मा ने कहा कि पुरी के भोपाल पहुंचने पर संगठन के कार्यकर्ता उन्हें काले झंडे दिखाएंगे। वहीं, जिला महासचिव आदित्य प्रताप सिंह ने विरोध स्वरूप टमाटर फेंकने की चेतावनी दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेंगे और पुलिस कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।

पटवारी भी उठा चुके हैं उम्मीदवारी पर सवाल

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता कर हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने के राजनीतिक कारणों पर भाजपा से जवाब मांगा था। पटवारी ने एपस्टीन प्रकरण से जुड़े सार्वजनिक दस्तावेजों और मुलाकातों के संदर्भ में भी पुरी से स्पष्टीकरण देने की मांग की थी। कांग्रेस ने इस फैसले के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769616 Articles

Share this story