हरदा जिले में मजदूरों से भरी ओवरलोड पिकअप पलटी, 24 घायल, सात की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
हरदा जिले में मजदूरों से भरी ओवरलोड पिकअप पलटी, 24 घायल, सात की हालत गंभीर


हरदा, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के खंडवा स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह मजदूरों से भरी एक ओवरलोड पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस सड़क हादसे में 12 महिलाओं और 12 पुरुषों सहित कुल 24 मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों में से 7 मजदूरों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (एमपी 42 जी 1695) में क्षमता से कहीं अधिक लगभग 45 मजदूर ठसाठस भरे हुए थे। जब गाड़ी कांकरिया और मसनगांव के बीच कमलेश बांके के खेत के पास पहुंची, तभी पिछले हिस्से से एक अन्य पिकअप ने ओवरटेक करने की कोशिश की। हादसे में घायल महिला मजदूर सुनीता ने बताया कि ओवरटेक के दौरान गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इसी आपाधापी में ओवरलोड पिकअप का पिछला एक्सल अचानक टूट गया और पहिया बाहर निकल आया, जिससे पिकअप बीच सड़क पर पलट गई।

हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पिकअप के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और 112 पुलिस सहायता टीम मौके पर पहुंची। सभी 24 घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों में शामिल घासीराम नामक मजदूर की हाथ की उंगलियां कट गई हैं, जबकि 6 अन्य मजदूरों के हाथ-पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है। बाकी मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दुर्घटना के चलते स्टेट हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया। बताया गया कि ये सभी मजदूर डाबया और पाडल्या गांव से नीमगांव में मूंग की फसल काटने के लिए जा रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story