हरदा: अजनाल नदी में पलटा ट्रैक्टर, 15 वर्षीय किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हरदा: अजनाल नदी में पलटा ट्रैक्टर, 15 वर्षीय किशोर की मौत


हरदा, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के झाड़पा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक किशोर की जान चली गई। खेत से मक्का लेकर गांव लौटते समय अजनाल नदी के पुल पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे किशोर ट्रैक्टर के नीचे दब गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झाड़पा गांव निवासी सूरज विश्नोई का छोटा बेटा दर्शन विश्नोई (15) नीमगांव स्थित खेत से मक्का से भरी ट्रॉली लेकर ट्रैक्टर से गांव लौट रहा था। रविवार सुबह करीब 11 बजे झाड़पा के पास अजनाल नदी पर बने रपटे से गुजरते समय ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और नदी में पलट गया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चला रहा दर्शन उसके नीचे दब गया। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।

जेसीबी से निकाला गया बाहर

ग्रामीणों ने तत्काल जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर को हटाकर दर्शन को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दर्शन दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई लुधियाना में पढ़ाई कर रहा है। दर्शन हरदा के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। किशोर की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story