गाय हमारी जीवनदायिनी है, ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी आधार : कैलाश सोनी

WhatsApp Channel Join Now
गाय हमारी जीवनदायिनी है, ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी आधार : कैलाश सोनी


करेली, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में दीपोत्सव के दूसरे दिन अन्नकूट पर्व पर इस वर्ष भी गोपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व वर्षों में यह कार्यक्रम राम मंदिर परिसर में होता था, लेकिन इस बार स्थान परिवर्तन कर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समीप ग्राम पंचायत लिंगा के बैहर स्थित मां नर्मदा मंदिर के पास, वीर हनुमान मंदिर के सामने ऐतिहासिक बावड़ी परिसर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी ने गोपूजन के बाद मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि गाय हमारी जीवनदायिनी है। गाय में अद्भुत प्रतिरोधक क्षमता होती है और गोमूत्र तथा गोबर का आयुर्वेद एवं जैविक कृषि में विशेष महत्व है। गाय जैविक खेती का आधार होने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गोपालन के लिए आगे आना चाहिए। जिस घर में गाय का पालन होता है, वहां सुख-समृद्धि का वास रहता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रीवा एवं ग्वालियर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु डॉ. राजकुमार आचार्य ने कहा कि प्रतिवर्ष गोपूजन करने के साथ ही हमें गोरक्षा और गोसंवर्धन के लिए भी कुछ न कुछ प्रयास करना चाहिए। गाय को सनातन परंपरा में माता का स्थान दिया गया है। यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसका संरक्षण और संवर्धन सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, पूर्व कुलगुरु डॉ. राजकुमार आचार्य, पूर्व राज्य मंत्री सुजान सिंह पटेल के पुत्र राकेश प्रताप पटेल, पूर्व सरपंच लाल साहब मिश्रा एवं अमोल यादव सहित अन्य अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोमाता का पूजन किया। साथ ही गोपालकों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मां नर्मदा नदी स्वच्छता अभियान के संयोजक राजकुमार कौरव ने किया। आभार प्रदेश प्रेस एवं मीडिया प्रभारी भागीरथ तिवारी ने व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गौप्रेमी उपस्थित रहे। पूजन के बाद तिलक लगाकर प्रसाद वितरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story