मप्र में योग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए 12 मई से शुरू हो रहा हर घर योग अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में योग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए 12 मई से शुरू हो रहा हर घर योग अभियान


- स्वस्थ जीवन शैली और निरोगी रहने के साथ योग से अपार क्षमताओं को करें जागृत: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्व योग दिवस के लिए मध्य प्रदेश आयुष विभाग एक विशेष अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। मंगलवार, 12 मई से हर घर योग अभियान'' प्रारंभ हो रहा है। अभियान में 800 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) और सभी चिकित्सालयों में पदस्थ योग शिक्षक 10-15 नागरिकों के छोटे समूहों में योगाभ्यास करवाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वस्थ जीवन शैली और निरोगी काया के लिए योग को सर्वोत्तम उपाय बताया है। यूनेस्को ने 21 जून को विश्व योग दिवस'' घोषित किया है। मध्य प्रदेश आयुष विभाग ने योग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए स्कूल और कॉलेज में एक अनुकरणीय अभियान प्रारंभ किया है। हर उम्र के लोग योगाभ्यास के लिए प्रेरित हों, इसके लिए राज्य सरकार ने योग-सखी और योग-दूत तैयार कर आगे बढ़ाने का निर्णय भी लिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को योग से जोड़ने के लिए 21 जून तक यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज, भोपाल के मास्टर ट्रेनर स्टूडियो से 45 मिनट के लाइव योग सेशन आयोजित करेंगे। यह अभियान विश्व योग दिवस तक निरंतर जारी रहेगा। निरोगी रहने के साथ-साथ अपनी अपार क्षमताओं को योग के माध्यम से जागृत किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से घर-घर और जन-जन तक योग को पहुंचाने के लिए मिलकर योगाभ्यास करने और निरोग रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story